जनेश्वर एन्क्लेव, एक वर्ष – स्थायित्व, पारदर्शिता और विकास का..

पिछले एक वर्ष में (29/12/2024 - 14/02/2026), रेज़िडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन (RWA) ने पूरे समर्पण के साथ जनेश्वर एन्क्लेव को अव्यवस्था से व्यवस्था और अनिश्चितता से स्थिरता की ओर ले जाने का अथक प्रयास किया।

जनेश्वर एन्क्लेव के सम्मानित निवासियों,

पिछले एक वर्ष में (29/12/2024 – 14/02/2026), रेज़िडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन (RWA) ने पूरे समर्पण के साथ जनेश्वर एन्क्लेव को अव्यवस्था से व्यवस्था और अनिश्चितता से स्थिरता की ओर ले जाने का अथक प्रयास किया।

पूर्ववर्ती कार्यकाल से उपजी समस्याओं, लंबित विकास संबंधी कार्यों और टूटे हुए विश्वास के बीच, हमारा सबसे बड़ा संबल आपका भरोसा और सहयोग रहा। चुनौतियाँ कई थीं, विरोध भी हुआ, पर हमने कभी सोसाइटी के व्यापक हित से समझौता नहीं किया।

हर निर्णय ईमानदारी, पारदर्शिता और भविष्य को ध्यान में रखकर लिया गया क्योंकि जनेश्वर एन्क्लेव केवल एक सोसाइटी नहीं बल्कि एक परिवार है।

जागृति शुक्ला सचिव, रेज़िडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन जनेश्वर एन्क्लेव

RWA की प्रमुख उपलब्धियाँ

1. वादे जो निभाए गए: चुनावी घोषणापत्र में किए गए अधिकांश वादों को निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ पूरा किया गया। जिसमें पारदर्शिता और सामूहिक सहभागिता, वित्तीय पारदर्शिता, अल्टरनेट पाइप लाइन की व्यवस्था, अग्निशमन और पावर बैकअप व्यवस्था में सुधार, स्वीमिंग पूल और क्लब हाउस का प्रभावी प्रबंधन, जलापूर्ति का ऑटोमेशन तथा समस्याग्रस्त पार्किंग के निर्माण का आरंभ और वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य के हित में ओपन जिम की स्थापना प्रमुख हैं।

2. पूर्ण वित्तीय पारदर्शिता: RWA द्वारा अर्जित तथा व्यय किए गए एक-एक पैसे का हिसाब निवासियों के सम्मुख पूर्ण पारदर्शिता के साथ आवधिक रूप से प्रस्तुत किया जाता रहा।   पूर्ववर्ती RWA द्वारा अपने कार्यकाल के 5 लाख ₹ से अधिक धनराशि के आय-व्यय के हिसाब और LDA के साथ किये गए पत्राचार का कोई भी ब्योरा ना प्रदान करने के बाद भी वर्तमान RWA ने संसाधनों को विकसित करते हुए और LDA से नये सिरे से पत्राचार को आरंभ करते हुए सोसाइटी के लंबित लगभग सभी कार्यों को पूर्ण करने में सफलता अर्जित की।

3. सुचारु और सुरक्षित संचालन: RWA ने पूरे साल सोसाइटी के दिन-प्रतिदिन के क्रियाकलापों का सुरक्षित तथा प्रभावी तरीक़े से संचालन किया। यद्यपि कुछ अवसरों पर इसमें व्यवधान डालने की कोशिशें भी हुईं, जिनमें पुलिस की सहायता लेनी पड़ी। फिर भी सोसाइटी का दैनिक संचालन पूरे वर्ष निर्बाध बना रहा।

4. मेंटेनेंस में स्थिरता: पूर्ववर्ती RWA के कार्यकाल के समान इस वर्ष बार-बार सिक्योरिटी और मेंटेनेंस एजेंसी बदलने की धमकी जैसी अराजकता से सोसाइटी को बचाया गया, जिससे निवासियों को राहत और भरोसा मिला।

5. रजिस्ट्रेशन बाधाओं के बावजूद विकास : कुछ असंतुष्ट सदस्यों ने सोसाइटी के रजिस्ट्रेशन में बाधा उत्पन्न की, किन्तु इसके बाद भी सोसाइटी में विकास कार्य एक दिन के लिए भी नहीं रुके।

6. नई अल्टरनेट पाइपलाइन – ऐतिहासिक उपलब्धि : लगभग 5 वर्षों से लंबित जलापूर्ति की वैकल्पिक पाइपलाइन और उसके ऑटोमेशन के कार्य को सफलतापूर्वक पूरा किया गया। यह जनेश्वर एन्क्लेव की उपलब्धियों में मील का पत्थर है।

7. फायर सेफ्टी और पार्किंग : फायर सेफ्टी सिस्टम और अतिरिक्त कवर पार्किंग जैसे कार्य अब अंतिम चरण में हैं और समय-सीमा के अनुरूप आगे बढ़ रहे हैं।

8. STP पूरी तरह कार्यशील : STP के पूरी तरह कार्यशील ना होने की गंभीर समस्या कई वर्षों से लंबित थी, जिसका समाधान भी किया जा चुका है। STP अब पूरी क्षमता के साथ चालू है।

9. सीमित संसाधन, बेहतर परिणाम : पिछली गर्मियों में कम खर्च में स्विमिंग पूल का सफल संचालन RWA के कुशल प्रबंधन का जीवंत उदाहरण।

10. सामुदायिक कार्यक्रम : RWA ने पूरे वर्ष विभिन्न त्योहारों तथा अन्य अवसरों जैसे स्वतंत्रता दिवस, गणतंत्र दिवस, बड़ा मंगल, होली, दिवाली, जन्माष्टमी तथा नवरात्रि आदि पर सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया। जहाँ खुशियाँ भी बाँटी गईं और सोसाइटी के लिए संसाधन भी अर्जित किये गए।

11.  LDA से प्रभावी तथा पारदर्शी संवाद : LDA के साथ हुए हर संवाद और पत्राचार की जानकारी निवासियों के साथ पूरी पारदर्शिता के साथ खुलकर साझा की गई।

12. निरंतर फॉलो-अप : LDA अधिकारियों के साथ बैठकों और पत्राचार के माध्यम से लंबित विकास कार्यों को आगे बढ़ाया गया।

13. ओपन जिम – वरिष्ठ जनों के लिए उपहार  : RWA के अनुरोध पर अपने क्षेत्र के माननीय विधायक श्री नीरज बोरा जी ने सहृदयता पूर्वक सोसायटी में ओपन जिम की स्थापना की प्रक्रिया को आरंभ करवा दिया, जो कुछ ही दिनों में पूर्णतः कार्यशील हो जायेगा। यह हमारी सोसाइटी के वरिष्ठ सदस्यों के लिए अमूल्य उपहार से कम नहीं है।

14. क्लब हाउस तथा सोसाइटी परिसर का सुधार और सुंदरीकरण  : RWA ने विभिन्न आयोजनों द्वारा अर्जित संसाधनों से क्लबहाउस में क्राम्टन के 15 नए पंखे और 10 लाइट्स लगवाई और पुराने पंखों को क्लब हाउस के प्रथम तल पर स्थानांतरित कर दिया, ताकि गर्मियों में निवासियों को अपने कार्यक्रम करना और भी सुविधाजनक हो सके।

15. परिसर के सभी टावरों पर डिस्प्ले  : परिसर की लम्बे समय से चली आ रही एक समस्या यहाँ आने वाले आगन्तुकों से संबंधित भी थी। अपनी सोसाइटी के मेन गेट पर लगे जनेश्वर एनक्लेव के साइनबोर्ड की लाइट वर्षों से खराब पड़ी थी और सोसाइटी में विभिन्न टावरों को इंगित करने वाले ग्लो साइनबोर्ड भी नहीं लगे थे। वर्तमान RWA ने अपने सीमित संसाधनों के बाद भी मेन गेट और सभी टावरों के दोनों तरफ ग्लो साइनबोर्ड को स्थापित करवाया।

16. मंदिर का सुंदरीकरण : RWA ने निवासियों के सहयोग से मंदिर के सुंदरीकरण और मूर्तियों के संरक्षण हेतु शीशे के कैबिनेट बनवाने का कार्य सफलतापूर्वक किया।

हमारा संकल्प

 हमारा हर प्रयास मात्र एक ही उद्देश्य से प्रेरित रहा, जनेश्वर एन्क्लेव में रहने वाले हर परिवार के जीवन को बेहतर बनाना। आइए, हम सब मिलकर एकता, ईमानदारी और सहयोग की इस भावना को और मजबूत करें, क्योंकि जनेश्वर एन्क्लेव की वास्तविक शक्ति “आप सब” ही हैं।

सादर,

जागृति शुक्ला सचिव, रेज़िडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन जनेश्वर एन्क्लेव (वर्तमान RWA पदाधिकारियों तथा सदस्यों की ओर से)

"Health is Wealth" कार्यक्रम

प्रिय जनेश्वर वासियों

प्रिय अभिभावकगण – जनेश्वर एंक्लेव,

हमें यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि जनेश्वर एंक्लेव रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (JE RWA) द्वारा यूरोकिड्स सेक्टर जी, जानकीपुरम द्वारा आयोजित “Health is Wealth” कार्यक्रम को स्वीकृति प्रदान की गई है।

📅 दिनांक: रविवार, 23 फरवरी

⏰ समय: प्रातः 10:00 बजे

📍 स्थान: जनेश्वर एंक्लेव सेंट्रल पार्क

यह कार्यक्रम न केवल बच्चों बल्कि माता-पिता के लिए भी एक अनूठा अवसर है, जहाँ वे मज़ेदार गतिविधियों और खेलों के माध्यम से अपने बचपन की यादें ताज़ा कर सकेंगे।

इस कार्यक्रम का उद्देश्य 1 से 3 वर्ष तक के बच्चों के माता-पिता को जागरूक करना है, ताकि वे अपने बच्चे के लिए सही प्रीस्कूल का चयन कर सकें। साथ ही, माता-पिता को बाल शिक्षा और देखभाल से जुड़े नवीनतम शोधों और निष्कर्षों से अवगत कराया जाएगा। आपकी भागीदारी इस आयोजन को और अधिक सार्थक बनाएगी।

यह एक सशुल्क कार्यक्रम है, और इससे एकत्रित धनराशि जनेश्वर एंक्लेव की कल्याणकारी गतिविधियों के लिए उपयोग की जाएगी। अतः सभी अभिभावकों से अनुरोध है कि वे अपने स्पोर्ट्स शूज़ और कैजुअल पोशाक में इस आयोजन में शामिल होकर इसे सफल बनाएं।

आपकी उपस्थिति प्रार्थनीय है।

JE RWA – आपके हित में, आपके साथ।

धन्यवाद,

जनेश्वर एंक्लेव रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (JE RWA)